पत्रावलियों को व्यवस्थित रखने, साफ-सफाई
एवं योजनाओं का पारदर्शी ढंग से क्रियान्वयन करते
हुए पात्रों को लाभान्वित कराने, कार्यों को समय से
पूर्ण किये जाने का दिया निर्देश
प्रयागराज(पीएमए),मण्डलायुक्त आर0 रमेश कुमार बुधवार को विकास भवन पहुुंचकर विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय, प्रशासनिक अधिकारी कार्यालय, हेल्प डेस्क, पत्र प्रेषण कार्यालय, जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। मण्डलायुक्त ने पटल सहायकों को पत्रावलियों को व्यवस्थित ढंग से रखने तथा कार्यालय में नियमित रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया है। पत्र प्रेषण कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने डिस्पैच रजिस्टर एवं शिकायती रजिस्टर को देखा तथा पटल सहायकों को पत्रों के आने एवं सम्बंधित कार्यालयों को प्रेषित किये जाने की तिथि का अनिवार्य रूप से उल्लेख करने का निर्देश दिया है। उन्होंने शिकायती रजिस्टर में शिकायती प्रार्थनापत्रों के प्राप्त होने एवं सम्बंधित कार्यालयों को भेजन जाने तथा शिकायतों के निस्तारण की टिप्पणी को अनिवार्य रूप से रजिस्टर में उल्लिखित किये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी पत्र आयें तत्काल उनको सम्बंधित कार्यालय तक प्रेषित कर दिया जाये, जिससे कि समय से उनका निस्तारण हो सके। दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय में उन्होंने सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की प्रगति के सम्बंध में जानकारी प्राप्त करते हुए पारदर्शिता के साथ पात्रों को लाभान्वित कराये जाने का निर्देश दिया है।
मण्डलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय कक्ष में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पंचायतराज विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए बन रहे पंचायत भवनों के प्रगति के बारे में जिला पंचायतराज अधिकारी से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पंचायतराज भवनों का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कर लिया जाये। यह भी कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में अभी तक जमीन की उपलब्धता नहीं हो पायी है, सम्बंधित तहसील के उपजिलाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए तत्काल पंचायत भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाये। मण्डलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को बन रहे पंचायत भवनों की गुणवत्ता की जांच खण्ड विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम गठित कर कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने सफाई कर्मियों की निरंतर फील्ड में उपस्थित सुनिश्चित कराये जाने एवं साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने का भी निर्देश दिया है। मण्डलायुक्त ने जिला पंचायतराज अधिकारी को बन रहे पंचायत भवनों का उपभोग प्रमाणपत्र समय से प्रेषित किये जाने का निर्देश दिया है, जिससे कि दूसरी किस्त समय से आ सके। उन्होंने कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए किसान सम्मान निधि योजना से कतिपय कारणों से वंचित रह गये लाभार्थिंयों के प्रपत्रों को ठीक कराते हुए उनको लाभान्वित कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न होने पाये। मण्डलायुक्त ने खाद की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनाये रखने का निर्देश जिला कृषि अधिकारी को दिया है। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पेंशन योजनाओं को पारदर्शिता के साथ क्रियान्वित करते हुए पात्रों को लाभान्वित कराये जाने तथा आश्रम पद्धति विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करते हुए तथा वहां पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों के खेलने के लिए आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी- आशीष कुमार, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

0 Comments