संजय का प्रयास, फिर फ्लाइट से राँची आएंगे 77 मजदूर
संजय मेहता एवं उनके साथियों के प्रयास से पुनः 77 मजदूरों को मुंबई से राँची फ्लाइट के माध्यम से लाया जा रहा है. मजदूर 16, 20, 22 एवं 24 जून को लाए जाएंगे. इससे पूर्व 06 एवं 07 जून को 44 मजदूरों को श्री मेहता के प्रयास से फ्लाइट द्वारा राँची लाया गया था.
इस बार लाए जाने वाले मजदूर हज़ारीबाग जिले के चौपारण, बरकट्ठा, दारू एवं कोडरमा जिले के मरकच्चो, डोमचांच और सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड के निवासी हैं.
पिछली बार इंडिगो की दो फ्लाइट्स से लाए गए मजदूर हज़ारीबाग जिले के बरही, बरकट्ठा एवं कोडरमा जिले के मरकच्चो एवं डोमचांच प्रखंड के थे.
*अभियान का है दूसरा चरण*
श्री मेहता के टीम द्वारा चलाए जा रहे घर भेजो अभियान का यह दूसरा चरण है. दूसरे चरण में 77 मजदूरों को झारखंड लाने के लिए सारी तैयारी पूर्ण कर ली गयी है.
मजदूरों का टिकट गो एयर की फ्लाइट संख्या जी8 387 में बुक किया गया है.
*गो एयर की फ्लाइट मजदूरों को लेकर पहुँचेगी*
सभी मजदूर गो एयर की फ्लाइट संख्या जी8 387 से आएंगे. यह फ्लाइट मुंबई से लगभग ढाई बजे दोपहर टेक ऑफ करेगी और लगभग शाम पाँच बजे राँची पहुँचेगी.
15 मजदूरों को लेकर तीसरी फ्लाइट 16 जून को,13 मजदूरों को लेकर चौथी फ्लाइट 20 जून को, 24 मजदूरों को लेकर पाँचवी फ्लाइट 22 जून को एवं 25 मजदूरों को लेकर छठी फ्लाइट 24 जून को राँची पहुँचेगी.
सभी चारो फ्लाइट का नंबर एवं समय एक समान है, सिर्फ तारीख अलग - अलग है. निःशुल्क घर भेजने के इस अभियान को सामूहिक प्रयास से अंजाम दिया जा रहा है.
जो मजदूर परिवार के सदस्यों के साथ हैं उनके पारिवारिक सदस्यों के साथ उनका टिकट बुक किया गया है.
*हेल्पलाइन में मजदूरों ने घर आने की जतायी थी इच्छा*
ज्ञात हो की संजय मेहता 29 मार्च 2020 से एक हेल्पलाइन चला रहे हैं. हेल्पलाइन में मजदूरों ने घर आने की इच्छा जताई थी. टीम के लोग मजदूरों को मदद पहुँचा रहे हैं.
संजय ने मजदूरों के आने के बावत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पत्र लिख कर सूचित किया है और मजदूरों को आवश्यक प्रशासनिक मदद पहुंचाने का आग्रह किया है.
संजय ने बताया कि राज्य सरकार का अपेक्षित सहयोग मिल रहा है. राज्य सरकार हमें एयरपोर्ट से मजदूरों को घर भेजने के लिए बस उपलब्ध करा रही है.
इससे हम मजदूरों को घर तक आसानी से भेज पा रहे हैं. संजय ने बताया कि हेल्पलाइन में देश के कोने-कोने से लोगों का संदेश प्राप्त हो रहा है. सभी मजदूर घर आने की इच्छा जता रहे हैं. संजय हजारीबाग जिले के बरही निवासी हैं.

0 Comments