आगामी दिनों में अभ्युदय योजना का
जिला स्तर पर भी होगा विस्तार-मुख्यमंत्री
प्रयागराज(राम आसरे), मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा किये गये अभ्युदय योजना के शुभारम्भ कार्यक्रम का एमनएनआईटी में सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण केन्द्र की सुविधा के लिए अति महत्वाकांक्षी अभ्युदय योजना की शुरुआत करते हुए इसे प्रदेश के युवाओं को समर्पित किया। योजना के शुभारम्भ के अवसर पर सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्युदय योजना एक प्रशिक्षण केन्द्र मात्र नहीं है यह युवाओं के जीवन निर्माण की एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए कृतसंकल्प है। कहा कि यह युवाओं के जीवन में मार्ग प्रशस्त करने की एक लाभदायी योजना सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि लक्ष्य को बड़ा रखे, शुरूआत अच्छे से करें, बुनियाद को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि यह योजना मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेंगी। कहा कि ओडीओपी की तर्ज पर अभ्युदय योजना को भी लोकप्रिय बनाएंगे। अभ्युदय योजना की शुरुआत अभी प्रदेश के 18 मंडल मुख्यालयों पर किया गया है, जिसका आगे जिला स्तर पर भी विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेई की पंक्ति का उद्धरण करते हुए कहा कि ‘‘छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता’’। उन्होंने युवाओं को हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्युदय योजना में चयनित कई मण्डलों के छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया, जिसमें प्रयागराज की सुश्री शिष्या सिंह राठौर से भी संवाद किया। सुश्री शिष्या सिंह राठौर ने अभ्युदय योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुश्री शिष्या राठौर ने मुख्यमंत्री से पूछा कि पढ़ाई में एकाग्रता के लिए क्या करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति की सकारात्मक सोच, उसकी एकाग्रता को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि परिणाम की चिंता नहीं करना चाहिए। अपने लक्ष्य की दिशा में अडिग होकर आगे बढ़ते रहना चाहिए। व्यक्ति को अपनी मेहनत पर विश्वास करना चाहिए। नियमित एवं संयमित दिनचर्या व्यक्ति को सफलता के सर्वोच्च शिखर पर ले जाने में सहायक सिद्ध होता है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वाराणसी के कपिल दुबे, गोरखपुर की साक्षी पाण्डेय, मेरठ के हिमांशु बंसल, लखनऊ के प्रियांशी मिश्रा एवं अनामिका सिंह से भी संवाद किया। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने आईएएस, आईपीएस, पीसीएस, एनडीएस, सीडीएस, नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के तैयारी के लिए अभ्युदय योजना आरंभ की है, जिसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शुभांरभ किया। इस योजना के तहत ऐसे सभी छात्रों को निःशुल्क प्रशिक्षण केन्द्र की सुविधा मिलेगी, जो इन परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह नहीं कर पाते हैं। प्रशिक्षण केन्द्र में पढ़ाई 16 फरवरी वसंत पंच्चमी से शुरू होगी। अभ्युदय योजना के अंतर्गत छात्रों को ऑनलाइन स्टडी मटैरियल के साथ ऑफलाइन कक्षाएं भी उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी-सिपू गिरि ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्रों के साथ प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों के सम्बंध में अपने अनुभव को साझा किया तथा तैयारियों के सम्बंध में टिप्स भी दिये। उन्होंने कहा कि जीवन में समय का बहुत महत्व होता है। कहा कि एकाग्रता के साथ विषय पर फोकस करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डाॅ0 प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में उप निदेशक समाज कल्याण, जिला समाज कल्याण अधिकारी, शिक्षकगण सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
0 Comments