अखिल भारतीय वकील संघ,
रांची जिला समिति का वार्षिक सम्मेलन संपन्न
वकीलों के हित, न्यायिक स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय को लेकर लिए गए अहम फैसले
रांची। विगत रविवार, 18 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से संध्या 4 बजे ताक आयोजित अखिल भारतीय वकील संघ (ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन) की रांची जिला समिति का वार्षिक सम्मेलन एस.डी.सी. हॉल, पुरुलिया रोड, रांची में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। सम्मेलन में रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 55 प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।
सम्मेलन के दौरान वकालत पेशे और न्याय व्यवस्था से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ। प्रमुख रूप से निम्न बिंदुओं पर चर्चा की गई:
* बार काउंसिल चुनाव की वर्तमान व्यवस्था और उसमें सुधार की आवश्यकता
* अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम (Advocates Protection Act)
* अधिवक्ताओं के कल्याण से संबंधित योजनाएँ
* स्वतंत्र न्यायिक आयोग की स्थापना की आवश्यकता
विचार-विमर्श के पश्चात सम्मेलन में सर्वसम्मति से निम्नलिखित पाँच महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए:
1. वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो एवं उनकी पत्नी के अपहरण, जिसे कई देशों द्वारा अवैध सैन्य कार्रवाई माना गया है, की कड़ी निंदा करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग।
2. बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदायों, विशेषकर हिंदू समुदाय, पर कट्टरपंथी ताकतों द्वारा हाल के दिनों में हुए हमलों, हिंसा और हत्याओं की घोर निंदा।
3. बांग्लादेश की घटनाओं की प्रतिक्रिया में भारत में किसी भी अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाए जाने या उनके विरुद्ध हिंसा और उकसावे की सख्त भर्त्सना।
4. बार काउंसिल चुनाव में निर्धारित अत्यधिक नामांकन शुल्क ₹1,25,000/- के तत्काल संशोधन की मांग।
5. अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को शीघ्र और प्रभावी रूप से लागू करने हेतु केंद्र एवं राज्य सरकारों से ठोस कदम उठाने की अपील।
सम्मेलन के दौरान संगठन की 17 सदस्यीय नई जिला कार्यकारिणी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया। प्रमुख पदाधिकारियों का चयन इस प्रकार हुआ:
अध्यक्ष: श्री शुभनारायण दत्त
सचिव: श्री गुलाब प्रसाद
कोषाध्यक्ष: श्री संतोष प्रकाश
(शेष कार्यकारिणी सदस्यों के नाम शीघ्र ही आधिकारिक रूप से जारी किए जाएंगे।)
शुभनारायण दत्त ने इस अवसर पर कहा, अखिल भारतीय वकील संघ, रांची जिला समिति, अधिवक्ताओं के पेशेवर हितों की रक्षा, न्यायपालिका की स्वतंत्रता को मजबूत करने और समाज में सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगी। संगठन से जुड़े सभी अधिवक्ता संविधानिक मूल्यों, लोकतंत्र और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट और प्रतिबद्ध हैं।
ज्ञातव्य है, शुभनारायण दत्त अधिवक्ता होने के साथ ही समाज एवं पर्यावरण हित में लगातार सक्रिय भागीदारी निभाते रहते हैं। पत्रकारों को प्रोत्साहित करने के लिए भी हर वर्ष राँची प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न खेल एवं प्रोत्साहन पुरस्कार वितरण कार्यक्रम करते रहे हैं।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं शुभारम्भ शुभनारायण दत्त, ने अखिल भारतीय वकील संघ का ध्वज फहराकर किया। मंच संचालन जयशंकर पाण्डेय, एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापन राज्य सचिव एम. ए. चौधरी ने किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता ज़ुबिन, रश्मि प्रसाद, राखी कुमारी, मीना कुमारी एवं झारखंड के खूँटी, बोकारो, धनबाद एवं अन्य जिलों से अधिवक्ता उपस्थित रहे।

0 Comments