रांची के बरियातु स्थित नेताजी
सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय
छात्रावास का होगा अपग्रेडेशन
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने दिये निर्देश
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने की मां सरस्वती की आराधाना एवं नेताजी को दी श्रद्धांजलि
नेताजी सुभाष चंद्र बोस का व्यक्तित्व अत्यंत दृढ़ और प्रेरणादायी - श्री मंजूनाथ भजन्त्री, उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची।
विद्यालय में पढ़ रहे जिन बच्चों के माता-पिता नहीं, वो स्वयं को अकेला नहीं समझें, विद्यालय के शिक्षक ही उनके अभिभावक हैं - श्री मंजूनाथ भजन्त्री, उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची।
शिक्षकों को बच्चों की समुचित देखभाल और मार्गदर्शन करने का निर्देश
जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय को उपलब्ध कराया गया वाद्य यंत्र
छात्र जीवन में इच्छाशक्ति, अनुशासन और संघर्ष का विशेष महत्व - श्री मंजूनाथ भजन्त्री, उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची।
======================
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर बरियातु स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय में श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन शामिल हुए।
मां सरस्वती की आराधाना एवं नेताजी को दी गयी श्रद्धांजलि
विद्यालय परिसर में आगमन के उपरांत उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन एवं जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इसके पश्चात उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधीक्षक, विद्यालय के प्राचार्य एवं छात्र-छात्राओं द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सभी ने नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस का व्यक्तित्व अत्यंत दृढ़ और प्रेरणादायी - श्री मंजूनाथ भजन्त्री, उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का व्यक्तित्व अत्यंत दृढ़ और प्रेरणादायी था। कठिन परिस्थितियों में विदेश सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद उन्होंने देश की आज़ादी को अपना सर्वाेच्च लक्ष्य बनाया और पद से त्यागपत्र देकर स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े। आज़ाद हिंद फौज की स्थापना कर उन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। नेताजी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिससे हमें राष्ट्र और समाज के लिए कुछ करने की सीख मिलती है।
छात्रावास के समग्र अपग्रेडेशन हेतु उपायुक्त ने दिये निर्देश
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा विद्यालय के छात्रावास का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान रसोईघर, आवासीय कक्ष, कॉरिडोर, स्नानागार एवं शौचालय सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को छात्रावास के समग्र अपग्रेडेशन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावास की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
शिक्षकों को बच्चों की समुचित देखभाल और मार्गदर्शन करने का निर्देश
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 157 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें 9 ऐसे बच्चे हैं जिनके माता-पिता नहीं हैं। उन्होंने संवेदनशीलता के साथ कहा कि ऐसे बच्चों को स्वयं को अकेला नहीं समझना चाहिए। यदि उनके जैविक माता-पिता नहीं हैं, तो विद्यालय के शिक्षक ही उनके अभिभावक हैं। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की समुचित देखभाल और मार्गदर्शन करने को कहा तथा भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है।
जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय को उपलब्ध कराया गया वाद्य यंत्र
झारखंड की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि हमारी संस्कृति में तनाव कम करने की अद्भुत कला निहित है। इसी दृष्टि से विद्यालय को वाद्य यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक वाद्य यंत्र में दो-तीन बच्चे पारंगत हों, ताकि विद्यालय में सकारात्मक, आनंददायक और रचनात्मक वातावरण बने तथा बच्चे खुशी-खुशी अध्ययन कर सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों द्वारा नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।
छात्र जीवन में इच्छाशक्ति, अनुशासन और संघर्ष का विशेष महत्व - श्री मंजूनाथ भजन्त्री, उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची द्वारा जैक बोर्ड से पढ़ाई कर आईपीएस बनने की उपलब्धि की सराहना करते हुए उपायुक्त ने विद्यार्थियों से कहा कि छात्र जीवन में इच्छाशक्ति, अनुशासन और संघर्ष का विशेष महत्व होता है। इन गुणों को अपनाकर ही एक अच्छा नागरिक बना जा सकता है और जीवन में ऊंचे लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस विद्यालय के बच्चे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संसाधनों के अभाव में भी यदि मनुष्य की इच्छाशक्ति प्रबल हो तो वह हर लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) बोर्ड से ही अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और निरंतर परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) तक का सफर तय किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, लगन एवं निरंतर मेहनत के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखकर आगे बढ़ने से जीवन में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं जीवन में उच्च मुकाम हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण के संकल्प और नेताजी के आदर्शों को जीवन में उतारने के संदेश के साथ हुआ।



0 Comments