भारत कोकिला सरोजिनी नायडू की जयंती
पर अखिल भारतीय महिला सम्मेलन द्वारा
राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन
रांची 13 फरवरी. स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत कोकिला सरोजिनी नायडू की 147 वीं जयंती के अवसर पर आज राजधानी रांची के बरियातु में अखिल भारतीय महिला सम्मेलन रांची द्वारा राष्ट्रीय महिला दिवस पर समारोह का आयोजन किया गया. इसकी अध्यक्षता अखिल भारतीय महिला सम्मेलन रांची की अध्यक्ष मीना सिंह ने की.
समारोह को संबोधित करते हुए सम्मेलन की सचिव अनुपमा प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय विकास के लिये महिलाओं का सशक्तिकरण बहुत जरूरी है और महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं सहभागिता के बिना देश आगे नहीं बढ़ सकता.
उन्होंने कहा कि भारत में प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ रही है और इसका सीधा-सीधा फायदा राष्ट्रीय विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं पारिवारिक आय में वृद्धि पर भी हुआ है. सम्मेलन में महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर डालते हुए कहा गया कि हमें अंतरराष्ट्रीय से पहले राष्ट्रीय स्तर पर सोचने की जरूरत है और जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत कोकिला सरोजिनी नायडू की जयंती 13 फरवरी को राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में घोषित किया था तो उसके अनुरूप समारोह का आयोजन नहीं होना तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं उनके सशक्तिकरण के लिये प्रयास के अवसर के रूप में परिवर्तित नहीं होना निराशा की बात है. समारोह को सम्मेलन की उपाध्यक्ष नैना तनेजा, कोषाध्यक्ष कुमकुम गौड़, निदेशक राजा ठाकुर, डॉली श्रीवास्तव, आराधना शुक्ला, रागिनी लक्ष्मण, सतनाम सलूजा, हरबीर कौर, आरती मिश्रा, नूतन मिश्रा, सुधा सहाय, निशा सलूजा एवं अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर सरोजनी नायडू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया गया. समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही.


0 Comments