उप विकास आयुक्त : रांची ने मांडर और रातू प्रखंड का किया दौरा

उप विकास आयुक्त : रांची ने मांडर और रातू प्रखंड का किया दौरा
 



  
  रांची जिला में मनरेगा योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा उप विकास आयुक्त, रांची श्री अनन्य मित्तल द्वारा लगातार की जा रही है। पिछले दिनों उन्होंने ओरमांझी, कांके, नगड़ी और इटकी प्रखंड में मनरेगा योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यो की विस्तार से समीक्षा की। आज दिनांक 11 जून 2020 को रातू और मांडर प्रखंड का दौरा किया और यहां मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। 
प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ दोनों प्रखंडों में मनरेगा के तहत चल रहे योजनाओं का निरीक्षण करते हुए उप विकास आयुक्त श्री अनन्य मित्तल ने कहा कि मनरेगा योजनाओं से ज्यादा से ज्यादा प्रवासी मजदूरों को जोड़ा जाए और इन्हें जॉब कार्ड उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। 
श्री अनन्य मित्तल ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा सक्षम मजदूरों को मनरेगा के तहत रोजगार दिया जाए ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके। 
उन्होंने कहा कि सभी गांव में मनरेगा योजना के तहत कम से कम 5 - 6 योजनाएं चलाई जाएं। निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त श्री मित्तल ने कहा कि कार्य करने वाले मजदूर सोशल डिस्टेंसिंग का हर हाल में अनुपालन करें। कुछ मजदूरों द्वारा मास्क का इस्तेमाल नहीं किए जाने पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि हर हाल में कार्य के दौरान मास्क पहनना सुनिश्चित किया जाए। 
इसके अलावा उप विकास आयुक्त श्री अनन्य मित्तल ने मांडर और रातू प्रखंड में ट्रेंच कम बंड, डोभा,नाली निर्माण, बोरा बांध निर्माण और बागवानी योजना का भी निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments