वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान भी जिले में
विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी: उपायुक्त
वैश्विक महामारी कोरोना के कहर से इस वक्त कोई भी अनभिज्ञ नहीं है, लेकिन ऐसी परिस्थिति में भी हमारे शिक्षक जिन्हें भविष्य निर्माता कहा जाता है, पर्याप्त साधनों की उपलब्धता न होने बावजूद भी लगातार अपनी सेवा देने में तत्पर है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के बाद से ही 24 मार्च से जिले के सभी विद्यालयों को बंद कर दिया गया। 24 मार्च 2020 को कोरोनावायरस संक्रमण के प्रसार पर काबू पाने के उद्देश्य से देशव्यापी लॉकडाउन लागू किया गया तब से लेकर 31 अगस्त 2020 तक जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालय बंद है।
उपायुक्त गढ़वा श्री राजेश कुमार पाठक बताते हैं कि जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को डीजी-साथ के तहत राज्य स्तर से व्हाट्सएप व अन्य ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे पाठ्य सामग्री के द्वारा छात्रों का ऑनलाइन क्लास लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में सरकारी विद्यालयों के कक्षा 1 से लेकर 12 वीं तक के छात्रों का डीजी- साथ, जूम ऐप, गूगल मीट, जिओ मीट और दूरदर्शन चैनल के द्वारा ऑनलाइन क्लासेज ली जा रही है तथा शिक्षकों द्वारा स्टडी मैटेरियल उपलब्ध कराया जा रहा है। शिक्षकों के प्रयास से जिले भर में लॉकडाउन की स्थिति में भी ऑनलाइन क्लास जारी है साथ ही कार्यालय संबंधी सभी कार्यों का निपटारा भी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मियों द्वारा नियत समय पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस महामारी से निपटने के लिए स्कूली छात्र व उनके अभिभावकों को भी समय-समय पर अनेकों माध्यम से विद्यालय द्वारा जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है साथ ही राज्य व केंद्र सरकार द्वारा निर्गत आदेशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी से घर में रहने की अपील की गई है।
वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा अभियान, गढ़वा श्री राम प्रसाद मंडल बताते हैं कि लंबी अवधि तक विद्यालय बंद रहने की वजह से छात्रों की पढ़ाई बाधित ना हो इसके मद्देनजर छात्रों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। इस दौरान किसी भी छात्र को अगर पढ़ाई से संबंधित किसी भी तरह की कोई परेशानी होती है तो वे ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय के शिक्षकों द्वारा समझ कर उसका समाधान कर रहे हैं तथा उक्त कार्यों की मॉनिटरिंग संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही है। विदित हो कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी छात्रों के लिए ऑनलाइन माध्यम से क्विज, निबंध व पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र व मेडल से सम्मानित किया गया। वहीं सत्र की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाध्यापकों द्वारा वर्गवार छात्रों को छोटी- छोटी संख्या में बुलाकर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए उन्हें स्टडी किट उपलब्ध कराई गई तथा छोटी कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को स्टडी किट उनके घर पर ही मुहैया कराई गईं।
जिले के 1416 सरकारी विद्यालयों द्वारा किया जा रहा ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण
विदित हो कि जिले के 1416 सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण का कार्य किया जा रहा है। इस कोरोना महामारी काल की अवधि में जिले के शिक्षक शिक्षण कार्य में जुटे हैं तथा इससे प्रतिदिन लगभग 67,638 विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।
शिक्षकों को दिया जा रहा ऑनलाइन प्रशिक्षण
जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राम प्रसाद मंडल ने बताया कि शिक्षा परियोजना गढ़वा की ओर से जूम ऐप के माध्यम से जिले के शिक्षकों के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग और वर्कशॉप का आयोजन भी किया गया। उक्त वर्कशॉप में शिक्षकों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन तैयार करने और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग करने के बारे में जानकारी दी गई। वहीं शिक्षकों को गूगल प्लेटफार्म का प्रयोग कर शिक्षण को बेहतर तरीके से छात्रों तक पहुंचाने समेत गूगल प्लेटफार्म के अन्य उपयोग के बारे में बताया गया।

0 Comments