नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026

नगरपालिका (आम) 

निर्वाचन-2026


सामान्य प्रेक्षक श्री संदीप कुमार दोराईबुरु (नगर निगम क्षेत्र) ने सामग्री कोषांग का किया निरीक्षण

मतदान दलों को उपलब्ध कराए जाने वाली सामग्री का सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश

नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां जारी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23.02.2026 को मतदान संपन्न कराया जाएगा, जबकि 21.02.2026 को फुटबॉल स्टेडियम अवस्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए सामग्री कोषांग में सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इसी क्रम में रांची नगर निगम क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्री संदीप कुमार दोराईबुरु द्वारा सामग्री कोषांग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों की उपलब्धता, पैकेजिंग, लेबलिंग, सीलिंग एवं सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का जायजा लिया।

सामान्य प्रेक्षक श्री संदीप कुमार दोराईबुरु द्वारा मतदान दलों को उपलब्ध कराए जाने वाले किट की तैयारी, स्टेशनरी सामग्री की समुचित पैकिंग तथा प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए सामग्री का सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया। उन्होंने डिस्पैच के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए चेकलिस्ट आधारित सत्यापन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता एवं समन्वय आवश्यक है।

इस अवसर पर वरीय पदाधिकारी कार्मिक कोषांग-सह-उपविकास आयुक्त श्री सौरभ कुमार भुवनिया, नोडल पदाधिकारी श्रीमती मनीषा तिर्की सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। अधिकारियों द्वारा सामान्य प्रेक्षक को सामग्री संधारण, अभिलेखीकरण, सुरक्षा प्रबंध तथा मतदान दलों को सामग्री वितरण की चरणबद्ध प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

Post a Comment

0 Comments