जनगणना देश के विकास की आधारशिला
है : प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त,
रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री
प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज जनगणना 2026 की प्रथम चरण ‘आवास गणना’ के शुभारंभ पर अपने कार्यालय कक्ष में स्व-गणना (Self-Enumeration) का फॉर्म भरकर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज की। इस अवसर पर श्री भजन्त्री ने कहा कि जनगणना देश के समग्र विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से प्राप्त सटीक और विश्वसनीय आंकड़े केंद्र व राज्य सरकारों को योजनाओं के प्रभावी निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
“जनगणना केवल सरकार का कार्य नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। शीघ्र ही जनगणना टीमें आपके घर-घर पहुंचेंगी
जनगणना के आंकड़ों पर ही शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, बिजली और आधारभूत सुविधाओं की योजनाएं तैयार की जाती हैं। प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची ने आगे कहा, “जनगणना केवल सरकार का कार्य नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। शीघ्र ही जनगणना टीमें आपके घर-घर पहुंचेंगी। मैं सभी राँचीवासियों से अपील करता हूं कि वे मांगी गई जानकारी सही, पूर्ण और सत्य रूप से उपलब्ध कराएं। छोटी-सी गलती या छुपाई भी पूरे अभियान की विश्वसनीयता प्रभावित कर सकती है।”
श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा का भी लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने se.census.gov.in वेबसाइट का लिंक शेयर करते हुए कहा कि जो व्यक्ति स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे इस लिंक के माध्यम से आसानी से स्व-गणना पूर्ण कर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया और अधिक सुगम बनेगी।
मुख्य अपीलें:
जनगणना टीम के आने पर पूर्ण सहयोग दें।
सभी जानकारी सही और पूर्ण रूप से दें।
यदि संभव हो तो स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प चुनें।
जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा
प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा। राँची जिले में जनगणना की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशिक्षित गणनाकार एवं पर्यवेक्षक क्षेत्र में सक्रिय हो चुके हैं। जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

0 Comments