विशेष बच्चों से मिले जिला
दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त,
रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री
बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री सराहना
प्रमाण पत्र प्रदान कर बच्चों का बढ़ाया उत्साह, प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग का आश्वासन
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में “कोशिश” विशेष विद्यालय के बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने National Institute of Open Schooling (NIOS) OBE Class 3, 5 एवं 8 की परीक्षा में सफल विशेष बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इन बच्चों का आत्मविश्वास, परिश्रम और सीखने की लगन समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रार्थना प्रस्तुत की गई, जिसने सभागार में उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बच्चों द्वारा तैयार की गई विभिन्न रचनात्मक एवं कलात्मक सामग्रियों का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की प्रशंसा की। बच्चों की रचनात्मक सोच एवं आत्मनिर्भरता को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन द्वारा संचालित “कोशिश” विशेष विद्यालय के कार्यों की भी जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सराहना की। विद्यालय की सचिव द्वारा विशेष बच्चों के समग्र विकास हेतु प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया गया, जिस पर नियमसम्मत आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री रविशंकर मिश्रा एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

0 Comments