रांची जोन का तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तेमा शुरू, इज्तेमागाह में उमड़ा अकीदत और जज्बे का सैलाब

रांची जोन का तीन दिवसीय तब्लीगी 

इज्तेमा शुरू, इज्तेमागाह में उमड़ा

 अकीदत और जज्बे का सैलाब




झारखंड के कोने-कोने से पहुंच रहे लोग, गांवों में भी इज्तेमा को लेकर जबरदस्त उत्साह; 200 से अधिक नौजवान संभाल रहे ट्रैफिक की कमान

रांची। रांची जोन का तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तेमा शुक्रवार, 13 नवंबर से लापुर स्थित इज्तेमागाह में शुरू हो गया। इज्तेमा को लेकर पूरे झारखंड में जबरदस्त उत्साह और खुशी का माहौल है। इज्तेमागाह में पहुंच रहे लोगों के इस्तकबाल और खिदमत के लिए जगह-जगह इंतजाम किए गए हैं। खास बात यह है कि इज्तेमागाह के आसपास के गांवों में भी इस आयोजन को लेकर गजब का जोश और जज्बा देखने को मिल रहा है। गांवों के मर्दों के साथ महिलाएं भी बढ़-चढ़कर अपनी हिस्सेदारी निभा रही हैं। घर-घर से नाश्ता, खाना और पानी इज्तेमागाह पहुंचाया जा रहा है।

नेशनल मोमिन कॉन्फ्रेंस के रांची जिला अध्यक्ष एवं दर्जनों संस्थाओं के संरक्षक जाकिर अंसारी ने बताया कि इज्तेमागाह में खाने-पीने से लेकर ठहरने तक की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। इज्तेमा के अमीर मो. इम्तियाज साहब खुद हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले मेहमानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा समेत झारखंड के तमाम जिलों से गुरुवार रात से ही सैकड़ों बसें इज्तेमागाह पहुंच चुकी हैं। लोगों की लगातार आमद जारी है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 200 से अधिक नौजवान वालंटियर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले लोगों को रास्ते में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

जाकिर अंसारी ने इज्तेमा में शामिल होने वाले लोगों से अपील की कि जो लोग अब तक नहीं पहुंच सके हैं, वे जल्द से जल्द इज्तेमा में शिरकत करें। उन्होंने खास तौर पर कहा कि मौसम को देखते हुए अपने साथ बिस्तर, कंबल, तकिया और शॉल जरूर लेकर आएं, क्योंकि सुबह और शाम के वक्त इलाके में ठंड बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि उनकी टीम नेवरी चौक से लेकर इज्तेमागाह तक लगातार खिदमत में लगी हुई है। इस टीम की अगुवाई मौलाना अतहर इमाम साहब कर रहे हैं। आने-जाने वाले मेहमानों के इस्तकबाल, रहनुमाई और जरूरतों का ख्याल रखने के लिए वालंटियर पूरी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।

खाने की व्यवस्था के संबंध में उन्होंने बताया कि इज्तेमागाह में टोकन सिस्टम लागू किया गया है। एक टोकन की कीमत 30 रुपये रखी गई है, जिसमें भरपेट खाना और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा सैकड़ों सेवा स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां लोगों की ओर से अपनी हैसियत के मुताबिक मुफ्त खाना, पानी, फल और अन्य जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जा रही हैं। हर कोई अपने स्तर से मेहमानों की खिदमत में लगा हुआ है।

गौरतलब है कि रांची जोन का यह तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तेमा 13, 14 और 15 नवंबर तक चलेगा। इज्तेमागाह में पहुंच रहे लोगों के उत्साह, स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग और नौजवानों की खिदमत से पूरे इलाके में एक खुशनुमा और रूहानी माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments