रांची जोन तब्लीगी इज्तेमा में उमड़ा जनसैलाब, लाखों हाथ उठे अमन-ओ-सलामती की दुआ में

रांची जोन तब्लीगी इज्तेमा में

उमड़ा जनसैलाब, लाखों हाथ 

उठे अमन-ओ-सलामती की दुआ में






200 से अधिक जोड़ों का एक साथ निकाह, दहेज न लेने की दिलाई गई शपथ; रविवार को होगी सामूहिक दुआ, झारखंड समेत कई राज्यों से पहुंचे लाखों लोग

रांची। चान्हो-लापुर स्थित इज्तेमागाह में आयोजित तीन दिवसीय रांची जोन तब्लीगी इज्तेमा में शनिवार को अकीदतमंदों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। 13, 14 और 15 नवंबर तक चलने वाले इस इज्तेमा में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। जिला परिषद चान्हो आदिल अजीम ने बताया कि इज्तेमागाह में हर तरफ नमाज, इबादत, दीन की बातें और इस्लाही बयानों का सिलसिला जारी है। रविवार को होने वाली सामूहिक दुआ को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है। इस मौके पर लाखों हाथ उठाकर देश और राज्य की खुशहाली, अमन, शांति, तरक्की और सलामती के लिए दुआ मांगी जाएगी।

200 से अधिक जोड़ों का एक साथ निकाह, दहेज के खिलाफ दिलाई गई शपथ

इज्तेमा के दौरान शनिवार को बाद नमाज असर एक साथ 200 से अधिक जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। जिला परिषद आदिल अजीम ने बताया कि मरकज निजामुद्दीन से आए मौलाना ने निकाह पढ़ाया। इस सामूहिक निकाह के जरिए समाज को सादगी के साथ शादी करने और निकाह को आसान बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों को दहेज जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और शादी-विवाह में फिजूलखर्ची नहीं करने की शपथ दिलाई गई। इज्तेमा में इस पहल को समाज सुधार की दिशा में एक अहम संदेश के रूप में देखा गया।

अमीर साहब के बयान को सुनने के लिए बेताब दिखे लोग

इज्तेमा में अमीर साहब मोहम्मद इम्तियाज साहब की आमद और उनके बयान को सुनने के लिए लोग काफी उत्सुक नजर आए। उनके बयान में निकाह को आसान बनाने, समाज में फैली बुराइयों को खत्म करने, सादगीपूर्ण जीवन अपनाने और जमात की अहमियत पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने लोगों को अपनी जिंदगी को दीन की शिक्षाओं के मुताबिक गुजारने और समाज में अच्छे आचरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

उलेमा-ए-कराम ने दिया भाईचारे और इंसानी हमदर्दी का पैगाम

इज्तेमा में रांची और आसपास के इलाकों से पहुंचे उलेमा-ए-कराम ने भी अलग-अलग मौकों पर संबोधित किया। अपने बयानों में उन्होंने इंसानियत, आपसी भाईचारे, मोहब्बत और सामाजिक जिम्मेदारियों को अहम बताया। आदिल अजीम ने बताया कि वक्ताओं ने हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी सद्भाव और इंसानी हमदर्दी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में रहने वाले सभी लोगों के साथ मोहब्बत, सम्मान और अच्छे व्यवहार के साथ जिंदगी गुजारनी चाहिए।

इंतजाम में जुटे गांव के लोगों की जिला परिषद आदिल अजीम ने की सराहना

जिला परिषद चान्हो आदिल अजीम ने इज्तेमा के इंतजाम में लगे स्थानीय ग्रामीणों, नौजवानों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोगों ने मेहमानों की खिदमत के लिए दिन-रात एक कर दिया है। गांव के लोग पूरी लगन और उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नौजवानों का जोश और जज्बा काबिल-ए-तारीफ है। खासकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इतनी बड़ी तादाद में लोगों के पहुंचने के बावजूद यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हुई।

भीड़ को देखते हुए स्थानीय लोगों से टेंट खाली करने की अपील

आदिल अजीम ने बताया कि इज्तेमागाह में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए इंतजामिया की ओर से स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई। बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय लोगों से कहा गया कि वे रात 10 बजे के बाद अपने टेंट खाली कर दें, ताकि दूर-दराज से पहुंचे लोगों को ठहरने की जगह मिल सके। लोगों ने भी इस अपील में सहयोग करते हुए मेहमानों के लिए जगह उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका निभाई।

जगह-जगह सैकड़ों स्वागत और सेवा शिविर, मेहमानों की हो रही खिदमत

इज्तेमा में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए रास्ते में जगह-जगह सैकड़ों स्वागत और निःशुल्क सेवा शिविर लगाए गए हैं। जिला परिषद आदिल अजीम ने बताया कि इन शिविरों में आने-जाने वाले लोगों के लिए चाय, पानी, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की गई है। कई स्थानों पर बैठने और आराम करने का भी इंतजाम किया गया है। स्थानीय सामाजिक संगठनों, युवाओं और ग्रामीणों की ओर से लगातार मेहमानों की खिदमत की जा रही है। सेवा शिविरों में दिनभर चाय, नाश्ता और पानी वितरित किया जाता रहा।

रविवार को 10 से 11 बजे के बीच होगी सामूहिक दुआ

तीन दिवसीय रांची जोन तब्लीगी इज्तेमा का समापन रविवार, 15 नवंबर को होने वाली सामूहिक दुआ के साथ होगा। सुबह 10 से 11 बजे के बीच दुआ होने की संभावना है। इसमें शामिल होने के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ बिहार, बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। इज्तेमागाह में अकीदतमंदों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इंतजामिया और स्वयंसेवक व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। लोगों को उम्मीद है कि इस सामूहिक दुआ में देश की खुशहाली, आपसी भाईचारे, अमन-ओ-अमान, तरक्की और पूरी इंसानियत की सलामती के लिए विशेष दुआ की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments