सरकारी पदाधिकारियों/कर्मियों एवं संबंधित बैंक
खातों का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य, विशेष गहन पुनरीक्षण, विभागीय कार्य, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी सहित विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य भारत सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस के अनुरूप समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित आंकड़ों की पोर्टल में शुद्ध एवं सही प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि कार्य पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके।
बैठक में आगामी मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार-सह-दक्षिणी प्रमण्डल स्तरीय मुखिया सम्मेलन कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने इस कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मंच, पेयजल, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था आदि सुनिश्चित की जाए।
समाहरणालय परिसर में साफ-सफाई एवं लिफ्ट सुविधा को लेकर भी जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने नोडल पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने ट्रेजरी, नजारत, डीआरडीए एवं भू-अर्जन शाखा को निर्देशित किया कि सरकारी पदाधिकारियों/कर्मियों एवं संबंधित बैंक खातों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिया कि विभिन्न बैंकों में संचालित खातों में हो रहे अधिक सरकारी लेन-देन की सतत मॉनिटरिंग की जाए और पारदर्शिता बनाए रखी जाए। बैठक में सभी जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

0 Comments