बदलते परिवेश के अनुरूप आधारभूत संरचनाओं
का विकास समय की मांग
*रांची।* राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत बुकरू स्थित जेपी कॉम्प्लेक्स में बुधवार को डी एंड एम, डीएमआई इन्फ्राकॉन एलएलपी के नए कॉरपोरेट कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांके विधायक सुरेश बैठा ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में विधायक श्री बैठा ने कहा कि वर्तमान समय में तेजी से बदलते परिवेश और आधुनिक जीवनशैली के अनुरूप आधारभूत संरचनाओं का विकास अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल राज्य के समग्र विकास को गति देती हैं और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने संस्थान की सफलता की कामना भी की।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं व्यवस्थापक श्यामदेव दास ने मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया।
इस मौके पर डी एंड एम, डीएमआई इन्फ्राकॉन एलएलपी से जुड़े सैयद खुर्शीद अख्तर ने कहा कि नए कॉरपोरेट कार्यालय का शुभारंभ कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने बताया कि कंपनी सड़क, पार्क का सौंदर्यीकरण, अंतरराष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थान, इंजीनियरिंग कॉलेज, होटल और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जैसी परियोजनाओं पर राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि आउटडोर मीडिया एवं विज्ञापन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य की क्षमताओं को प्रदर्शित कर निवेशकों को आकर्षित किया जाएगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कंपनी का लक्ष्य आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित होटल परियोजनाएं पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को नई दिशा देंगी, जबकि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे।
सैयद खुर्शीद अख्तर ने कहा कि संस्था ईमानदारी, नवाचार और उत्कृष्टता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है तथा सरकार के सहयोग से प्रभावी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प रखती है। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य के आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी। विशिष्ट अतिथि के तौर पर जमील अख्तर युवा मोर्चा, रंजीत टोप्पो अध्यक्ष सरना समिति, सद्श तिवारी, धर्मेन्द्र प्रसाद, एस.के. सिंह समेत महफूज अंसारी, हदीस मंसूरी, जमालुद्दीन अंसारी, नारायण कश्यप, हिफजुर्रहमान, विलियम कश्यप, अफ़ज़ल मंसूरी, शफीक मंसूरी, इकबाल अख्तर, सैयद इम्तियाज हुसैन, इंजिनियर शाहीन ज़मा, आफताब अंसारी, रियाज अंसारी, शरद मसीह, जमालुद्दीन, हुसैन अंसारी, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

0 Comments