झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग)
प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के
सुव्यवस्थित आयोजन एवं विधि-व्यवस्था
सुनिश्चित करने हेतु उच्च स्तरीय बैठक आयोजित
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक का आयोजन
परीक्षा राँची जिले के 15 (पन्द्रह) परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों (प्रथम एवं द्वितीय पाली) में आयोजित की जा रही है
झारखण्ड लोक सेवा आयोग, राँची द्वारा आयोजित झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (विज्ञापन संख्या-06/2026) दिनांक - 10/05/2026 के निर्विघ्न एवं पारदर्शी संचालन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राँची, श्री राजेश्वर नाथ आलोक एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री कुमार रजत द्वारा संयुक्त रूप से की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी जोनल दंडाधिकारी, परीक्षा नियंत्रक (प्रभारी) झारखण्ड लोक सेवा आयोग तथा संबंधित सभी अधिकारी उपस्थित थे ।
झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित यह परीक्षा राँची जिले के 15 (पन्द्रह) परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों (प्रथम एवं द्वितीय पाली) में आयोजित की जा रही है। परीक्षा नियंत्रक (प्रभारी) झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार, परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए समस्त आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
मुख्य चर्चा के बिंदु:
- सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पारदर्शिता एवं अनुशासन सुनिश्चित करने हेतु दंडाधिकारियों की जिम्मेदारियाँ दी गई।
- परीक्षा केन्द्रों के आसपास यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण करने के निर्देश दिए गए।
- अनुचित साधनों के उपयोग पर सख्त निगरानी एवं रोकथाम
- आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु तैयारियों की समीक्षा
- सभी जोनल दंडाधिकारियों द्वारा केन्द्रवार रिपोर्टिंग व्यवस्था
जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजेश्वर नाथ आलोक ने कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री कुमार रजत ने सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
जिला प्रशासन सभी अभ्यर्थियों से अपील करता है कि वे परीक्षा हॉल में केवल अनुमत (स्वीकृत) सामग्री ही लेकर आएँ तथा परीक्षा केन्द्र के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न करें। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

0 Comments