गणेश चतुर्थी के सफल आयोजन को
लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त,
रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री से पूजा
समितियों के सदस्यों ने की मुलाकात
पूजा समितियों द्वारा आवश्यक प्रशासनिक एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन से सहयोग का किया गया आग्रह
पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन
आगामी गणेश चतुर्थी के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विभिन्न गणेश पूजा समितियों के सदस्यों ने जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान पूजा समितियों की ओर से पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया गया।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के सफल आयोजन में पूजा समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी समितियां प्रशासन एवं पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार का आयोजन सुनिश्चित करें।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने मूर्ति विसर्जन के दौरान संबंधित थाना के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सुचारू एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने पूजा समितियों को ध्वनि प्रदूषण से संबंधित निर्धारित मानकों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था तथा आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से मिल-जुलकर गणेश चतुर्थी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
पूजा समितियों द्वारा जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं प्रशिक्षु आईएएस (IAS Probationer) सुश्री आस्था शरण को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शांति समिति के सदस्य श्री सागर कुमार भी उपस्थित थे।
.jpeg)
0 Comments